मध्य प्रदेश सरकार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों की मदद के लिए पहुंचे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा खुद फंस गए और उन्हें एयरलिफ्ट करना पड़ा। इसका एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में मंत्री जी हेलीकाप्टर से लटक रही एक रस्सी को मज़बूती से पकडे हुए हवा में लहराते नज़र आ रहे हैं।
मध्य प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर उफान पर है। यहां नदियों ने विकराल रूप धारण कर लिया है और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। राज्य की 1171 गांव फिलहाल बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। बता दें कि NDRF और SDRF की टीमों द्वारा लगातार लोगों को रेस्क्यू कर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। इसी बीच मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी दतिया जिले में बाढ़ प्रभावित गांव में फंस गए थे। दरअसल, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बाढ़ प्रभावित दतिया जिले के सर्वेक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान पता लगा कि नौ लोग एक छत पर फंसे हुए हैं। चारों ओर पानी से घिर चुके हैं, छत को छोड़कर घर पूरी तरह से जलमग्न हो गया। नरोत्तम मिश्रा इसी क्षेत्र से विधायक हैं। ये पता लगते ही मिश्रा, जो एसडीआरएफ की एक नाव पर थे, वो कुछ राहतकर्मियों के साथ, तेज़ हवाओं और पानी के बावजूद लोगों तक पहुंचने में कामयाब रहे। लेकिन इससे पहले कि मंत्री फंसे हुए लोगों को बचाने की व्यवस्था कर पाते, एक पेड़ टूट गया और नाव पर गिर गया, जिसके बाद मोटर चालू नहीं हो सकी।
थोड़ी देर में स्थानीय प्रशासन से संपर्क के बाद भारतीय वायु सेना के एक हेलीकॉप्टर को उन्हें और नौ अन्य को बचाने के लिए भेजा गया। सभी फंसे हुए लोगों को बचाने के बाद भारतीय वायुसेना के जवानों ने एक रस्सी को नीचे फेंका जिससे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित रूप से ऊपर खींच लिया गया।
कांग्रेस ने कहा इसे पब्लिसिटी स्टंट-
गृहमंत्री ने बचाव कार्यों और राहत शिविरों की निगरानी के लिए दतिया जिले के कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया है। हालांकि कांग्रेस ने इस घटना की आलोचना करते हुए इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया।
कांग्रेस नेता भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा “जिस तरह से हमारे गृह मंत्री ने स्पाइडरमैन की तरह काम करने की कोशिश की, वह उनके लिए, फंसे हुए लोगों और उनके साथ जाने वालों के लिए खतरनाक था। यह केवल एक पब्लिसिटी स्टंट था. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने इसे बीजेपी की अंतर्कलह से जोड़ते हुए ट्वीट किया।